JANJGIR CHAMPA में दो सड़क हादसे: साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत, युवक का पैर टूटा — जांच में जुटी पुलिस
JANJGIR CHAMPA | जिले के चांपा थाना क्षेत्र में सोमवार की देर शाम दो अलग-अलग सड़क हादसों ने शहर को झकझोर दिया। एक हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दूसरे हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मामलों में तेज रफ्तार वाहन हादसे की मुख्य वजह सामने आई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
JANJGIR CHAMPA पहला हादसा: इक्को वाहन की टक्कर से युवक गंभीर घायल..ग्राम हाथनेवरा निवासी रवि पटेल (25 वर्ष), पिता सम्मेलाल पटेल, बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार इक्को चारपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में रवि के दोनों पैरों में गंभीर चोट आई, जिसमें एक पैर फ्रैक्चर हो गया है। घायल को तत्काल शासकीय बीडीएम अस्पताल चांपा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
दूसरा हादसा: ‘छोटा हाथी’ की चपेट में आए साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत… जगदल्ला–सिवनी मार्ग पर हुई। चांपा सदर बाजार के डोंगाघाट निवासी तुलसीदास महंत (60 वर्ष) साइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही ‘छोटा हाथी’ वाहन ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। चालक ने मानवता दिखाते हुए उन्हें उसी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।शव को मर्च्युरी में रखवाया गया है। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने वाहन सहित चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
लगातार हादसों से दहशत:-शहर में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं से नागरिकों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण हादसे लगातार बढ़ रहे हैं।
यातयात पुलिस:-अब देखना होगा कि प्रशासन और यातायात विभाग इन घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।



