नहाने गए दो लोग नाले की तेज धार में बहे, 2 घंटे से रेस्क्यू जारी; एसडीआरएफ की टीम मौके पर
पाटन। पाटन ब्लॉक के करसा औरी नाला में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां नहाने गए दो व्यक्ति नाले की तेज धार में बह गए। दो घंटे बीत जाने के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना के बाद से ग्रामीणों और पुलिस की टीम लगातार खोजबीन में जुटी हुई है, वहीं एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
जानकारी के अनुसार औरी गांव निवासी 56 वर्षीय भगवती ठाकुर रोज की तरह नहाने नाले पर पहुंचे थे। उसी समय पड़ोसी गांव का लगभग 50 वर्षीय एक अन्य व्यक्ति भी वहां मौजूद था। नहाने के दौरान अचानक वह अधेड़ तेज धार की चपेट में आ गया और बहने लगा। उसे डूबता देख भगवती ठाकुर तुरंत उसकी मदद के लिए कूद पड़े, लेकिन वह भी नाले के तेज भंवर में फंस गए और दोनों ही देखते ही देखते लापता हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने अपनी ओर से खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई।
एसडीआरएफ कमांडेंट नागेंद्र सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे उन्हें हादसे की जानकारी मिली। इसके बाद 12 सदस्यीय एसडीआरएफ टीम मौके पर रवाना की गई, जिसने 4 बजे से रेस्क्यू शुरू किया। लगातार प्रयासों के बावजूद अब तक दोनों का पता नहीं चल पाया है। टीम देर शाम तक सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए है।
ग्रामीणों का कहना है कि औरी नाले में बारिश के मौसम में तेज धार होती हैं। यही वजह रही कि दोनों उसमें फंसकर बह गए। पुलिस ने आसपास के गांवों में भी सूचना दी है और आशंका जताई जा रही है कि धार उन्हें आगे दूर तक ले गई होगी।
फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम संयुक्त रूप से तलाश कर रही है। दोनों व्यक्तियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में इस हादसे के बाद से मातम का माहौल है।



