वन मंडल में वन्यजीवों की बढ़ती आमद, मादा तेंदुए ने दो शावकों को दिया जन्म
बालोद जिले के वन मंडल में वन्यजीवों की उपस्थिति में लगातार इजाफा देखा जा रहा है। ताजा मामला बालोद वन परिक्षेत्र के पारेगुड़ा-भोलपठार गांव का है, जहां एक मादा तेंदुए ने दो शावकों को जन्म दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगभग एक माह पूर्व पहाड़ी इलाके में शावकों का जन्म हुआ था। हाल ही में ग्रामीणों को मादा तेंदुआ के साथ दोनों शावक दिखाई दिए, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में वन्यजीव प्रेमियों के बीच उत्साह और सतर्कता दोनों बढ़ गई है।
वन विभाग अलर्ट मोड पर
शावकों की उपस्थिति की पुष्टि होते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि मादा तेंदुआ और उसके शावकों की सुरक्षा के मद्देनज़र आसपास के इलाकों में सतर्कता बरती जा रही है और ग्रामीणों को भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
प्राकृतिक संकेत और वन्यजीव संरक्षण की दिशा में अच्छा संकेत
वन अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना इस बात का संकेत है कि क्षेत्र का जैव विविधता और पर्यावरण अनुकूलन वन्यजीवों के लिए सुरक्षित है। यह तेंदुए जैसे संवेदनशील प्रजातियों के संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।