बंद कमरे में युवक ने लगाई फांसी,
सक्ति। जिले के हसौद थाना अन्तर्गत ग्राम गुंजियबोर में एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय की है जब घर के अन्य सदस्य निजी काम से बाहर गए हुए थे। वापस लौटने पर परिजनों ने दरवाजा अंदर से बंद पाया, जिससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई।
दरवाजा खुलवाने पर अंदर का दृश्य देख परिजन सन्न रह गए। 25 वर्षीय राकेश साहू फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, मृतक ने इससे पहले भी फांसी लगाने का प्रयास किया था, लेकिन उस समय समय रहते उसे बचा लिया गया था। इस बार वह घर में अकेला था, जिससे घटना ने गंभीर रूप ले लिया।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



