सकर्रा में नवीन पुलिस चौकी का शुभारंभ, क्षेत्रवासियों को मिली बड़ी सौगात
सक्ती। क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग आज पूरी हो गई, जब थाना मालखरौदा अंतर्गत ग्राम सकर्रा में नवीन पुलिस चौकी का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रामगोपाल गर्ग (आईजी, बिलासपुर रेंज) के कर कमलों द्वारा किया गया।


गौरतलब है कि सकर्रा क्षेत्र के नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा कई वर्षों से यहां पुलिस चौकी की स्थापना की मांग की जा रही थी। जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा जनहित में इसकी स्वीकृति प्रदान की गई। इस दिशा में प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (पुलिस अधीक्षक, सक्ती) ने पहल करते हुए स्थल चयन एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
शुभारंभ समारोह में रामकुमार यादव सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही विकास कुमार टोपनो (जिलाधीश, सक्ती) एवं विवेक कुमार शुक्ल भी कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहे।कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों में सरपंच बरत लाल सूर्यवंशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष कवि वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमल पटेल, जनपद सदस्य खीकबाई कमलेश मनहरण, कांग्रेस अध्यक्ष रश्मि गबेल एवं पूर्णिमा चंद्रप्रकाश खुटे सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।इसके अलावा पुलिस विभाग से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी भुवनेश्वरी पैकरा, थाना प्रभारी प्रवीण राजपूत एवं नव नियुक्त चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक कृष्णकुमार राठौर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर आईजी रामगोपाल गर्ग ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई पुलिस चौकी से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा। उन्होंने नागरिकों से पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की।कार्यक्रम का संचालन यातायात प्रभारी एवं पुलिस अधीक्षक के स्टेनो निरीक्षक वाय.एन. शर्मा द्वारा किया गया।



