देश के पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होते ही जहां तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बंपर जीत मिली, वहीं जांजगीर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। परिणाम सामने आते ही नगर का माहौल जश्न में बदल गया और कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशी खुले दिल से मनाई।
भाजपाइयों ने नगर में एकत्रित होकर झालमुरी एवं मिठाइयां बांटी। नगर में विशेष रूप से झालमुरी का स्टॉल लगाकर आम लोगों को झालमुरी खिलाई गई, जिससे जश्न का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया। इसके साथ ही ढोल-नगाड़ों के बीच भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें “जय श्री राम” और पार्टी के समर्थन में जोरदार नारे गूंजते रहे। पूरा नगर भगवामय नजर आया और हर तरफ उत्साह एवं उल्लास का माहौल बना रहा।
इस जश्न में गोपी सिंह ठाकुर, सोनसाय देवांगन, मोहम्मदी साहू, दिगंबर साहू, परदेशी खुंटे, चंद्रकुमार चन्द्रा, नीलकंठ सोनी, जितेंद्र चन्द्रा सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी कार्यकर्ता हाथों में भाजपा का झंडा लेकर अनुशासित तरीके से जुलूस में शामिल हुए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति कांति चन्द्रा मुख्य रूप से शामिल हुईं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह जनता का भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर अटूट विश्वास का परिणाम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यकर्ताओं ने इस जीत को केंद्र सरकार के नेतृत्व, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता की मुहर बताया। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था भी बनी रही तथा नगरवासियों ने भी इस जश्न को उत्साहपूर्वक देखा।



