सक्ती में जुए पर पुलिस का ‘फिल्मी’ एक्शन: ट्रैक्टर में बाराती बनकर पहुंची टीम, 8 जुआरी गिरफ्तार


सक्ती, 09 अप्रैल 2026। जिले में जुआ और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फगुरम पुलिस ने अनोखे अंदाज में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम ट्रैक्टर में बाराती बनकर मौके पर पहुंची और दबिश देकर 8 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिलेभर में जुआ, सट्टा, अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में चौकी फगुरम प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कानाकोट खार नहर किनारे कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं।
सूचना की पुष्टि के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी डभरा सुमित गुप्ता और थाना प्रभारी डभरा राजेश पटेल के मार्गदर्शन में टीम ने योजना बनाई। पुलिसकर्मी ट्रैक्टर में बारातियों के वेश में मौके पर पहुंचे, जिससे जुआरियों को भनक तक नहीं लगी।
दबिश के दौरान 8 आरोपी मौके पर 52 पत्ती से ‘काटपत्ती’ नामक जुआ खेलते पकड़े गए। पुलिस ने उनके पास से ₹26,000 नगद, 7 मोबाइल (करीब ₹1 लाख) जब्त किए। वहीं घटनास्थल के पास संदिग्ध हालत में खड़ी दो कारें (लगभग ₹30 लाख कीमत) भी बरामद की गईं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। वहीं इस दौरान 3 आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में फगुरम चौकी, साइबर सेल सक्ती और पुलिस बल के जवानों का सराहनीय योगदान रहा।
👉 खास बात: पुलिस की इस ‘बाराती स्टाइल’ रेड ने जुआरियों को चौंका दिया और इलाके में हड़कंप मच गया।



