बिलासपुर में रात भर बारिश से सैकड़ों घरों में घुसा बारिश का पानी
बिलासपुर। बुधवार की रात बिलासपुर में बारिश कहर बन कर बरसी, जिससे बिरकोना, बंधवापारा, जोरापारा, सरकंडा, चौहान बाड़ा विद्यानगर, तालापारा, मगरपारा के 100 से अधिक घरों में पानी भर गया। कलेक्टर बंगले से लेकर पॉश एरिया माने जाने वाले श्रीकांत वर्मा मार्ग, विद्यानगर, विनोबा नगर, मित्र विहार, हंसा विहार, पुराना बस स्टैंड, गोल बाजार रोड पर एक से ढाई फुट तक पानी बहता रहा। बहतराई स्थित मौसम विज्ञान केंद्र में दर्ज रिकार्ड के मुताबिक पिछले चौबीस घंटों में 104.6 मिलीमीटर यानी 4.09 इंच तथा बिलासपुर तहसील में 127 मिमी( 5 इंच से अधिक बारिश हुई।
8 घंटों से लगातार बारिश
शहर में पिछले 8 घंटे से लगातार हो रही बारिश से
कई क्षेत्रों में जलभराव से लोग परेशान
रहे, वहीं आवागमन बाधित रहा।
करोड़ों खर्च फिर भी जल भराव
बिलासपुर शहर में जल भराव की समस्या दूर करने, नाला, नालियों के निर्माण पर औसतन हर साल 10 करोड़ रुपए से खर्च किए गए लेकिन सड़कों और घरों में जल भराव की समस्या दूर नहीं हुई। जलभराव से सर्वाधिक पीड़ित बंधवापारा, जोरापारा, सरकंडा, हंसा विहार, मगरपारा क्षेत्र के लोग रहे। घरों का सामान फर्नीचर, अनाज पानी में बर्बाद होता रहा और लोग रात से सुबह तक घरों में भरे पानी को उलीचने की जुगत में लगे रहे।
18 साल में सर्वाधिक बारिश: कमिश्नर
नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने दैनिक भास्कर को बताया कि शहर में रात 2 बजे से लेकर सुबह 7 बजे तक सर्वाधिक बारिश हुई, बारिश के आंकड़े संग्रहित किए जा रहे हैं, लेकिन लोगों के मुताबिक पिछले 18 वर्षों में कल से आज तक सर्वाधिक बारिश हुई। उन्होंने बताया कि बिरकोना खार में मूसलाधार बारिश से बंधवापारा, जोरापार, सरकंडा के 50 से अधिक घरों में पानी भर गया। राजस्व विभाग और नगर निगम की टीम सुबह से प्रभावित क्षेत्रों से पानी निकासी के लिए जुटी हुई, अब तक कहीं से किसी प्रकार की जनहानि की कोई खबर नहीं है।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष में मात्र 4 शिकायत
इसे संयोग कहें या फिर लोगों का नगर निगम अमले पर भरोसे में कमी, विकास भवन स्थित बाढ़ नियंत्रण कक्ष में मात्र 4 शिकायत सुबह 11.50 बजे तक दर्ज हुई। कंप्लेंट रजिस्टर के मुताबिक लोगों ने टिकरापारा धीर गली, सिविल लाइन बर्जेस स्कूल लाइन
, सतबहनिया मंदिर सरकंडा
, श्रीकांत वर्मा मार्ग में जल भराव की शिकायत करते जल निकासी की मांग की। वहीं अशोक विहार और नगर विधायक
अमर अग्रवाल के घर के पास पेड़ गिरने की जानकारी दी गई।
निगम फिर फेल
निचली बस्तियों के लोग जब जल भराव की समस्या से जूझ रहे थे, नगर निगम अमला नदारद था। नगर निगम की टीम सुबह 10 बजे के बाद फील्ड पर दिखी और पानी निकासी के लिए टीम लगाई गई। इस दौरान लोग अपने संसाधनों से घरों में घुसे पानी की निकासी करते नजर आए।



