प्रयास सेवा संस्थान चांपा विगत 10 वर्षों से सड़क दुर्घटना में घायल, बीमार व बेसहारा गौ माताओं की निस्वार्थ सेवा कर रहा है — वह भी बिना किसी सरकारी सहायता के। हमारी संस्था जिले की एक प्रतिष्ठित व पंजीकृत संस्था है, जिसने गौसेवा को अपना संकल्प और धर्म माना है।
दिनांक 15 जून की रात्रि, बरपाली चौक, चांपा में एक अज्ञात वाहन द्वारा दो गौ माताओं को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, एक गौ माता की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, वहीं दूसरी को हमारी टीम द्वारा तत्काल उपचार हेतु गौसेवा सदन लाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मृत्यु हो गई।
इस दुःखद घटना के बीच, कुछ कथित व्यक्तियों द्वारा सोशल मीडिया एवं जनमाध्यमों में हमारी संस्था पर निराधार एवं अपमानजनक आरोप लगाए जा रहे हैं — जैसे कि कार मालिक से 50,000 रुपये लेने की झूठी बात — जो प्रयास सेवा संस्थान की 10 वर्षों की निःस्वार्थ सेवा, सभी सदस्यों की गरिमा, और हमारी निष्ठा को गहरी ठेस पहुँचाने का कार्य है।
हमने इस गंभीर विषय को लेकर दिनांक 24 जून को चांपा थाना पहुँचकर थाना प्रभारी श्री जयप्रकाश गुप्ता जी से भेंट की और इस दुष्प्रचार की निष्पक्ष जांच की माँग की। थाना प्रभारी महोदय ने आश्वासन दिया कि इस विषय की गंभीरता को देखते हुए उचित जांच की जाएगी।
हम सभी से निवेदन करते हैं कि बिना पूर्ण जानकारी या सत्यापन के किसी भी असत्य बात को प्रचारित न करें। यह विषय हमारे लिए केवल छवि का नहीं, बल्कि स्वाभिमान और 10 वर्षों की सेवा की साख का है। आप हमारे साथ गौसेवा में सहभागी न बनें, यह आपका व्यक्तिगत निर्णय हो सकता है, परंतु झूठे आरोपों और दुष्प्रचार में भागीदारी किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है।
यदि भविष्य में इस प्रकार की झूठी एवं संस्था को बदनाम करने वाली गतिविधि पाई जाती है, तो हम संस्था के स्तर पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही करने हेतु बाध्य होंगे।..



