भुईंया पोर्टल में बड़ी छेड़छाड़ का खुलासा… दुर्ग पुलिस की कार्रवाई, एक और आरोपी गिरफ्तार… अब तक 10 आरोपी सलाखों के पीछे।
जिला दुर्ग। भुईंया पोर्टल में छेड़छाड़ कर करोड़ों की जमीन हेराफेरी और बैंक से फर्जी लोन निकालने वाले गैंग पर पुलिस ने कार्रवाई की है। नंदनी नगर थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस तरह मामले में कुल 10 आरोपी अब तक गिरफ्तार हो चुके हैं, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।
मामला तब खुला जब तहसीलदार राधेश्याम वर्मा ने 13 अगस्त 2025 को अहिवारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पटवारी हल्का 16 — ग्राम अछोटी और मुरमुंदा के भू-अभिलेखों में अज्ञात लोगों ने हैकिंग कर फर्जी बदलाव किए और जमीनों के नये खसरे तैयार कर दुरुपयोग किया गया।
इसी छेड़छाड़ का इस्तेमाल कर SBI नंदनी नगर शाखा से 36 लाख रुपए का फर्जी लोन निकाल लिया गया। जांच में सामने आया कि रकम निकालने के बाद उसे तुरंत कई खातों में ट्रांसफर किया गया, जिनमें नंदकिशोर साहू के खाते में 20 लाख 26 हजार 547 रुपए भी जमा हुए।
जांच में पता चला कि आरोपी विभिन्न गांवों — अछोटी, मुरमुंदा, बोरसी और चेटूवा में शासकीय जमीनों का खसरा बढ़ाकर अवैध लोन ले रहे थे। इस पर नंदनी नगर, कुम्हारी और अमलेश्वर थानों में बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना जारी है।
पूर्व में एन.के. साहू, अमित कुमार मौर्य, गणेश प्रसाद तम्बोली सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अशोक उरांव पटवारी का यूजर आईडी, पासवर्ड और ओटीपी उपलब्ध कराता था।
ताजा कार्रवाई में पुलिस ने गिरधर बंजारे उर्फ अमन बंजारे (उम्र 33 वर्ष, जांजगीर-चांपा) को गिरफ्तार किया है, जिसने भुईंया पोर्टल में लॉगिन की सुविधा मुहैया करवाई थी।पुलिस का कहना है कि मामले में और भी गिरफ्तारियां होना बाकी हैं और जांच जारी है।


