Janjgir champa News नगर पालिका क्षेत्र चांपा में इन दिनों अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों को लेकर रहवासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड क्रमांक 13 और 14 में कई स्थानों पर बिना अनुमति के ईंट भट्टा संचालित किए जा रहे हैं, जिससे प्रदूषण बढ़ रहा है और लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
Janjgir champa News नगर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही समस्याओं के बीच लोगों का कहना है कि शिकायत के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं। यही कारण है कि अवैध कार्य करने वालों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं और नगर पालिका द्वारा जारी आदेशों का पालन नहीं हो पा रहा है।
Janjgir champa News स्थानीय रहवासियों के अनुसार ईंट भट्टों से निकलने वाला धुआं पूरे इलाके के वातावरण को प्रदूषित कर रहा है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर सबसे अधिक दुष्प्रभाव पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि लंबे समय तक ऐसे प्रदूषण के संपर्क में रहने से गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
Janjgir champa News रहवासियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कुछ लोगों ने जब अवैध भट्टों का विरोध किया तो संचालकों द्वारा गाली-गलौज और धमकी दी गई। विरोध करने वालों से कहा गया कि जहां शिकायत करनी है कर दो, उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इस तरह की बातों से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
Janjgir champa News यह भी जानकारी सामने आई है कि कुछ भट्टों में ईंट पकाने के लिए मुर्गी फार्म से निकलने वाले बीट युक्त भूसे का उपयोग किया जा रहा है, जिससे जहरीला धुआं और तेज बदबू फैल रही है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी, एलर्जी और अन्य बीमारियों की शिकायत हो रही है।
Janjgir champa News नगरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। अब देखना होगा कि खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पालिका और संबंधित विभाग के अधिकारी अवैध ईंट भट्टों पर कार्रवाई करते हैं या नहीं।

वर्जन – खनिज अधिकारी हेलेंद्र कुमार
अवैध ईंट भट्टों के संचालन की जानकारी प्राप्त हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही टीम गठित कर जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



