चक्रवात दित्वा का असर: तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश जारी, पुडुचेरी में स्कूल बंद
श्रीलंका में तबाही मचाने के बाद चक्रवात ’दित्वा’ भारत के पास पहुंच चुका है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि यह तूफान भारतीय तट से टकराने से पहले ही कमजोर हो जाएगा और एक डीप डिप्रेशन में बदल जाएगा। यह तूफान तमिलनाडु और पुडुचेरी के तट से लगभग 30 किलोमीटर दूर ही खत्म हो जाएगा। हालांकि, इस वजह से देश के दक्षिण पूर्वी राज्यों में भारी बारिश हो रही है। इसका असर फसलों पर हुआ है। कई इलाकों में जल जमाव हो रहा है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुडुचेरी में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए स्कूल बंद कर दिए गए हैं। पुडुचेरी के गृह मंत्री ए. नमस्सिवायम ने कहा कि भारी बारिश की वजह से एक दिसंबर को सरकारी और सरकारी मदद वाले स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, तमिलनाडु में भारी बारिश के चलते लोगों को खासी परेशानी हो रही है।
तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश
चक्रवात दित्वा की वजह से तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। खासकर नागपट्टिनम जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। सुनामी नगर में कई घर पहले से ही गिरने की कगार पर थे, उनकी छतें दो महीने पहले दोबारा बनाने के लिए हटा दी गई थीं। हालांकि, दो महीने बाद भी मरम्मत का काम पूरा नहीं हुआ है, इसलिए वहां के लोग लगातार हो रही बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इस वजह से, प्रभावित परिवारों को राहत कैंपों में भेज दिया गया है।
चक्रवात ’दित्वा’ के डीप डिप्रेशन में बदलने के आसार
चक्रवात ‘दित्वा’ के कमजोर होकर गहरे अवदाब (डिप्रेशन) में तब्दील होने की आशंका है। यह रविवार मध्य रात्रि तक उत्तरी तमिलनाडु एवं पुडुचेरी के तटों से कम से कम 30 किलोमीटर की दूरी पर बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में केंद्रित हो जाएगा। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने यह जानकारी दी। चक्रवात ‘दित्वा’ के बारे में ताजा जानकारी देते हुए मौसम विभाग ने कहा कि यह कुड्डालोर से लगभग 90 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, कराईकल से 120 किमी उत्तर-पूर्व, पुडुचेरी से 90 किमी दक्षिण-पूर्व, वेदारण्यम से 170 किमी उत्तर-पूर्व और चेन्नई से 150 किमी दक्षिण-पूर्व में केंद्रित है।

