इंजीनियरिंग डिग्री है तो तैयार हो जाइए, बिहार में जूनियर इंजीनियर पदों पर निकली भर्ती, 12 जनवरी तक आवेदन करें
पटना. बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे इंजीनियरिंग बैकग्राउंड के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) ने जूनियर इंजीनियर (JE) पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. यह भर्ती बिहार के ग्रामीण कार्य विभाग के तहत की जाएगी. लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह सुनहरा मौका माना जा रहा है.
12 जनवरी तक आवेदन का मौका
BTSC जूनियर इंजीनियर भर्ती 2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 12 दिसंबर 2025 से शुरू हो चुकी है. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 12 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे. इसके लिए उम्मीदवारों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट btsc.bihar.gov.in पर जाकर फॉर्म भरना होगा.
कुल 554 पदों पर होगी नियुक्ति
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 554 रिक्त पदों को भरा जाएगा. सभी पद ग्रामीण कार्य विभाग में जूनियर इंजीनियर के हैं. आयोग के अनुसार, 60 प्रतिशत सीटें ओपन कैटेगरी के लिए और 40 प्रतिशत सीटें बिहार कैटेगरी के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं. इसके अलावा आरक्षण की व्यवस्था राज्य सरकार के नियमों के अनुसार जनरल, ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के लिए लागू होगी.
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित विषय में इंजीनियरिंग डिग्री होना अनिवार्य है. साथ ही संबंधित ट्रेड में डिप्लोमा धारक उम्मीदवार भी आवेदन के पात्र हैं. आयु सीमा की बात करें तो न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम उम्र 37 वर्ष निर्धारित की गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार BTSC की वेबसाइट पर जाकर JE भर्ती 2025 के लिंक पर क्लिक करें। नए उम्मीदवार पहले रजिस्ट्रेशन करें, फिर लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरें. जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें और फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंट आउट सुरक्षित रख लें.
वेतनमान और करियर अवसर
चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-7 के तहत वेतन मिलेगा. वेतनमान 9,300 रुपये से 34,800 रुपये प्रतिमाह निर्धारित है. इसके साथ महंगाई भत्ता, आवास भत्ता और अन्य सरकारी सुविधाएं भी मिलेंगी. जानकारों के अनुसार, यह भर्ती न केवल रोजगार का अवसर है, बल्कि स्थिर करियर और राज्य के विकास कार्यों में भागीदारी का भी मौका देती है.



