SBI ने रिटायर्ड अफसरों के लिए निकाली भर्ती, 105 पदों के लिए नोटिफिकेशन जारी
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने अपने अनुभवी पूर्व अधिकारियों को एक बार फिर बैंक के साथ जुड़कर काम करने का सुनहरा अवसर दिया है। बैंक ने साल 2026-27 के लिए रिजॉल्वर के पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह भर्ती पूरी तरह संविदा के आधार पर होगी, जिसके तहत रिटायर्ड अधिकारियों को ग्राहकों की शिकायतों के निपटारे और बैंकिंग सिस्टम को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। देशभर के विभिन्न सर्कल्स में कुल 105 रिक्तियां निकाली गई हैं, जिनके लिए 15 अप्रैल 2026 से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
बैंक ने निकाली 105 रिक्तियां
एसबीआई ने इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में स्थित ‘सर्कल कंप्लेंट्स रेजोल्यूशन सेंटर’ (CCRC) के लिए कुल 105 पद आवंटित किए हैं। वैकेंसी चार्ट के अनुसार, सबसे अधिक 15 पद नई दिल्ली सर्कल के लिए रखे गए हैं। इसके अलावा लखनऊ में 13, पटना में 10, भोपाल में 9 और कोलकाता में 7 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। वहीं गांधीनगर, जयपुर और गुवाहाटी जैसे सर्कल्स में 6-6 अधिकारियों की तैनाती होगी। यह पद बैंकिंग के पेचीदा मामलों को सुलझाने और ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने के लिए सृजित किए गए हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए केवल वही उम्मीदवार पात्र माने जाएंगे जो पूर्व में एसबीआई से MMGS-II, MMGS-III या SMGS-IV ग्रेड के अधिकारी के रूप में सेवानिवृत्त हुए हैं। उम्मीदवारों के लिए अनिवार्य है कि उन्होंने 60 वर्ष की आयु पूरी करने पर सामान्य सुपरएनुएशन प्राप्त किया हो। स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) या इस्तीफा देने वाले कर्मचारी इसके पात्र नहीं होंगे। आयु सीमा की बात करें तो 31 मार्च 2026 तक आवेदक की उम्र 63 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही, आवेदक का सर्विस रिकॉर्ड पूरी तरह बेदाग होना चाहिए और उनके खिलाफ कोई भी अनुशासनात्मक कार्रवाई या कानूनी मामला लंबित नहीं होना चाहिए।
मिलेगी आकर्षक सैलरी
चयनित होने वाले पूर्व अधिकारियों को उनके ग्रेड के आधार पर तय मासिक मानदेय दिया जाएगा। MMGS-II और MMGS-III ग्रेड से रिटायर हुए अधिकारियों को 45,000 रुपये प्रति माह, जबकि SMGS-IV ग्रेड से रिटायर हुए अधिकारियों को 50,000 रुपये प्रति माह का फिक्स्ड मानदेय मिलेगा। यह राशि उनकी पेंशन के अलावा होगी। अनुबंध की अवधि न्यूनतम 1 साल की होगी, जिसे बैंक की जरूरत और उम्मीदवार के प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम 3 साल या 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक बढ़ाया जा सकता है। इस दौरान उम्मीदवार किसी अन्य भत्ते या पीएफ जैसी सुविधाओं के हकदार नहीं होंगे।
बिना परीक्षा होगा चयन
इन पदों के लिए चयन प्रक्रिया बेहद सरल रखी गई है। इसमें कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी; उम्मीदवारों का चयन उनके अनुभव और ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और फिर व्यक्तिगत साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। इंटरव्यू कुल 100 अंकों का होगा जिसमें बैंक द्वारा निर्धारित क्वालिफाइंग मार्क्स लाना अनिवार्य होगा। इच्छुक पात्र उम्मीदवार 5 मई 2026 तक एसबीआई के आधिकारिक करियर पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है, लेकिन दस्तावेजों जैसे फोटो, सिग्नेचर और पिछले 10 साल के अनुभव का विवरण अपलोड करना अनिवार्य है।



