सागर के तट का रेत हूँ मैं, ढलते सूरज की लाली हूँ… कमजोर नहीं, नारी हूँ मैं – युवा कांग्रेस ने महिला दिवस पर 35 महिलाओं का किया सम्मान
जांजगीर चांपा जिले में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2025 के अवसर पर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष एवं पार्षद प्रिंस शर्मा के संयोजन में भारत रत्न स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी प्रतिमा स्थल परिसर में “शक्ति सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर की 35 मातृ शक्तियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, खेलकूद, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
समारोह में 94 वर्षीय पूर्व प्राचार्य श्रीमती सिंह मैडम और 91 वर्षीय नर्स सुश्री कुसुम ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और अपने अनुभव साझा किए। अतिथियों ने महिलाओं के संघर्ष, उनके अधिकारों और समाज में उनकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज नारी शक्ति हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर रही है।
महिला दिवस केवल एक दिन मनाने का पर्व नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और समानता को बढ़ावा देने का संकल्प है।
कार्यक्रम के दौरान सम्मानित की गई महिलाओं में राष्ट्रीय सिलंबम गोल्ड और सिल्वर मेडलिस्ट जाह्नवी राठौर, राष्ट्रीय सरित सरक सिल्वर मेडलिस्ट, नीता थवाईत, मुस्कान परवीन, गंगोत्री गढ़वाल, वर्षा सिंह, संतोषी राठौर, मनोरमा पाटेकर, डिप्लोमाधारी ऑटो ड्राइवर रुक्मणी तरन चौहान और कई अन्य महिलाएं शामिल थीं।
इस तरह के सम्मान समारोह महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। हमें गर्व है कि समाज में हमारी उपलब्धियों को सराहा जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस उपाध्यक्ष विवेक सिसोदिया ने किया और आभार प्रदर्शन पार्षद अक्षय टेकाम ने किया। इस आयोजन में कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा कांग्रेस के सदस्य उपस्थित रहे। महिला दिवस पर यह सम्मान समारोह महिलाओं के योगदान को पहचानने और उन्हें समाज में प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।