बिर्रा थाना क्षेत्र में खुलेआम लाखों का जुआ, कई गांवों में बेखौफ घूम-घूमकर हो रहा खेल
जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आ रही है। बिर्रा, तलदेवरी, सोनादह और सिलादेही जैसे गांवों में इन दिनों खुलेआम लाखों रुपये का जुआ खेला जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि जुआरी एक ही जगह नहीं, बल्कि गांव-गांव घूमकर अपने अड्डे बदल रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हर दिन बड़ी रकम दांव पर लगाई जा रही है, लेकिन अब तक पुलिस टीम को इसकी भनक तक नहीं लगी है। जुआ खेलने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जुए के कारण युवाओं में गलत आदतें पनप रही हैं और पारिवारिक माहौल भी खराब हो रहा है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर जुआरियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब सवाल यह उठता है कि क्या बिर्रा थाना पुलिस इस अवैध जुए के नेटवर्क पर शिकंजा कस पाएगी, या फिर जुआरी इसी तरह कानून को चुनौती देते रहेंगे।



