पामगढ़ विधायक ऑडियो पर बवाल, पूर्व विधायक इंदु बंजारे ने सौंपा ज्ञापन
पामगढ़ से इस वक्त एक बड़ी राजनीतिक हलचल की खबर सामने आ रही है। पामगढ़ की वर्तमान विधायक श्रीमती शेषराज हरिवंश एक कथित ऑडियो को लेकर विवादों में घिर गई हैं। वायरल ऑडियो में विधायक और रेत माफिया के बीच 10 लाख रुपए के लेनदेन की बातचीत सामने आई है। इसमें यह भी कहा जा रहा है कि यह राशि अधिकारियों को बाँटी जानी है जिसमें कलेक्टर के लिए 5 लाख, एसडीएम के लिए 2 लाख और एक लाख रुपए एक अन्य व्यक्ति को दिए जाने की बात कही गई है।
इस मामले को लेकर बहुजन समाज पार्टी के पूर्व विधायक इंदु बंजारे ने पामगढ़ एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में पामगढ़ क्षेत्र में बजरंग दल पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कहा गया है कि ईसाई समुदाय की प्रार्थना सभाओं में जाकर गाली-गलौज, मारपीट और धमकाने जैसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। बंजारे ने ऐसे संगठनों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही गौरक्षा के नाम पर हो रही अवैध वसूली, झूठे केस में फंसाने की धमकियाँ और बिजली बिलों में बढ़ोतरी को लेकर भी चिंता जताई गई है।
पूर्व विधायक इंदु बंजारे ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि जब से राज्य में भाजपा की सरकार आई है, तब से आम जनता महंगाई और शोषण की मार झेल रही है। सरकार से इन सभी मुद्दों पर त्वरित संज्ञान लेने और समाधान की अपील की गई है।



