राजधानी में डबल मर्डर, जीजा ने दो सालियों को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा-पंडरी इलाके में मंगलवार देर रात गोलीबारी की बड़ी घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दो सालियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में एक युवती की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
माथे पर गोली लगने से गीतांजलि की मौत
मृतक युवती की पहचान गीतांजलि के रूप में हुई है, जबकि घायल युवती का नाम दुर्गेश्वरी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने गीतांजलि के माथे पर गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दुर्गेश्वरी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पत्नी से विवाद के बाद गुस्से में आकर जीजा ने सालियों पर चलाई गोली
आरोपी जितेंद्र वर्मा का मंगलवार रात अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद गुस्से में आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और घर में मौजूद अपनी दोनों सालियों पर फायरिंग कर दी।
रायपुर फायरिंग केस में बड़ा अपडेट सामने आया है. अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच लड़ रही दूसरी साली दुर्गेश्वरी ने बुधवार सुबह दम तोड़ दिया. अब इस मामले में दो युवतियों की मौत हो चुकी है. पूरा मामला मोवा थाना क्षेत्र का है.
घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस और पुलिस कमिश्नरेट की टीम मौके पर पहुंच गई। इलाके को घेरकर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र वर्मा को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली गई है।



