Crime News: जिंदा दामाद को कागजों में ‘मार’ कर मासूम भांजे-भांजियों की करोड़ों की जमीन हड़पी कलयुगी मामा की हैवानियत
CG Crime News: रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। लालच में अंधे एक कलयुगी मामा ने अपने जीवित जीजा को सरकारी कागजों में मृत घोषित कर, अपने ही मासूम भांजे-भांजियों की पुश्तैनी करोड़ों रुपये की जमीन हड़प ली।
पूरा मामला क्या है?
बिलासपुर। यह चौंकाने वाला मामला रायगढ़ जिले के ग्राम हालाहुली से जुड़ा है। पीड़ित मनीष शुक्ला को तब गहरा झटका लगा, जब उन्हें पता चला कि बिलासपुर के सकरी क्षेत्र में स्थित उनके बच्चों की पुश्तैनी जमीन—खसरा नंबर 258, रकबा 0.1500 हेक्टेयर—बिना उनकी जानकारी और सहमति के बेच दी गई है।
कैसे रचा गया फर्जीवाड़ा?
जांच में सामने आया कि इस पूरे षड्यंत्र के पीछे मनीष शुक्ला के साले अखिलेश पांडेय और उसके भाई हैं। आरोपियों ने जमीन हड़पने के लिए सरकारी दस्तावेजों और शपथ पत्रों में मनीष शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद खुद को नाबालिग बच्चों का कानूनी संरक्षक (Guardian) बताकर जमीन का सौदा कर डाला और बच्चों के हिस्से की रकम आपस में बांट ली।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित की शिकायत पर सकरी थाना, बिलासपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 420, 464, 467, 468, 471 और 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अखिलेश पांडेय को चांपा (जिला जांजगीर-चांपा) से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपी अनुराग पांडेय, अभिषेक पांडेय समेत अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
प्रशासन का सख्त संदेश
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जालसाजी और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में लाया जाएगा।



