आरक्षक संवर्ग भर्ती प्रक्रिया शुरू, पुलिस महानिरीक्षक ने किया निरीक्षण…
छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में आरक्षक संवर्ग भर्ती प्रक्रिया 2023-24 की शुरुआत हो गई है। राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा के निर्देशन में यह प्रक्रिया 26 फरवरी से केकती बाड़ी मैदान, छुईखदान में आयोजित की जा रही है। भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन 500 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 89 ने हिस्सा लिया।
पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार, भर्ती स्थल पर सुबह 6 बजे से ही अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखी गईं। दस्तावेज जांच के बाद नापजोख की प्रक्रिया पूरी कराई गई। यह भर्ती प्रक्रिया 5 अप्रैल तक जारी रहेगी।
भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ हो रही है। सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचे और नियमों का पालन करें।
पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा ने भर्ती स्थल का निरीक्षण किया और भर्ती समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा:-किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न आएं। भर्ती केवल योग्यता और दक्षता के आधार पर होगी। अगर कोई दलाल पैसे मांगता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
जो भी अभ्यर्थी इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होना चाहते हैं, वे अपना प्रवेश पत्र cgpolice.gov.in वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे अपनी परीक्षा की निर्धारित तिथि से आधा घंटा पहले भर्ती स्थल पर अनिवार्य रूप से पहुंचें। भर्ती से जुड़ी किसी भी गड़बड़ी की शिकायत मोबाइल नंबर 9479247401 और 07820299103 पर की जा सकती है।