जांजगीर–चांपा में कांग्रेस संगठन का शक्ति प्रदर्शन
जिला कांग्रेस अध्यक्ष व ब्लॉक अध्यक्षों का शपथ ग्रहण, सरकार पर बरसे नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत
जांजगीर–चांपा जिले में आज जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं 9 ब्लॉक अध्यक्षों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन भव्य रूप से किया गया। इस राजनीतिक आयोजन में डॉ. चरणदास महंत, ज्योत्सना महंत सहित जिले के विधायक, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। समारोह चांपा नगर में आयोजित हुआ, जहां कांग्रेस ने संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया।
“जिला अध्यक्ष का ताज कांटों भरा” – डॉ. चरणदास महंत
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने नव नियुक्त जिला अध्यक्ष राजेश अग्रवाल को बधाई देते हुए कहा कि जिला अध्यक्ष का ताज कांटों भरा होता है, जिसे संभालना आसान नहीं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को एकजुट रहकर जनता की आवाज़ को सड़क से सदन तक पहुंचाने के लिए तैयार रहने की नसीहत दी।
महंत ने राज्य और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस को सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष तेज करना होगा।
राजनीतिक यात्रा और संत कबीर की वाणी का उल्लेख
अपने संबोधन में डॉ. महंत ने अपनी राजनीतिक यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि 25 वर्ष की उम्र से विधानसभा चुनाव लड़ते आ रहे हैं और सफलता का श्रेय संत कबीर की वाणी व जनसंपर्क को दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने केवल कांग्रेस ही नहीं, बल्कि अन्य दलों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से भी संवाद बनाए रखा, उनके घर जाकर वोट मांगे। इसी जनसंपर्क का परिणाम है कि वे अपनी पत्नी को दूसरी बार सांसद बनवाने में सफल रहे।
जांजगीर–चांपा कांग्रेस का गढ़, रिकॉर्ड प्रदर्शन का दावा
डॉ. महंत ने कहा कि जांजगीर–चांपा हमेशा से कांग्रेस का गढ़ रहा है। पहले यहां विधानसभा में कांग्रेस, भाजपा और बसपा के बीच सीटों का बंटवारा होता था, जिससे रायपुर और दिल्ली में जिले को लेकर मजाक बनता था। लेकिन इस बार लोकसभा क्षेत्र की 8 में से सभी सीटों पर कांग्रेस के कब्जे का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि इस जनाधार को आगे भी बनाए रखा जाएगा।
नव जिला अध्यक्ष राजेश अग्रवाल का सख्त संदेश
नव नियुक्त जिला अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह परीक्षा का समय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरकर ही वे इस पद की वास्तविक बधाई स्वीकार करेंगे। उन्होंने जिले में गुटबाजी से इनकार करते हुए चेतावनी दी कि जो भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होगा, उसे संगठन से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
एआईसीसी के निर्देश पर संगठन को मिली नई दिशा
प्रदेश में सरकार बदलने के बाद जांजगीर–चांपा कांग्रेस लंबे समय से कार्यवाहक जिला अध्यक्ष के भरोसे चल रही थी और संगठनात्मक विस्तार ठंडे बस्ते में था। अब एआईसीसी के निर्देश पर व्यापक मंथन के बाद राजेश अग्रवाल को जिला कांग्रेस कमेटी की कमान सौंपी गई है। आने वाले समय में उनके नेतृत्व में कांग्रेस संगठन कितना मजबूत होता है, इसका आकलन मैदानी प्रदर्शन से किया जाएगा।



