शहर के बीच पलटा कोयला लोड ट्रेलर, बड़ा हादसा टला; भारी वाहनों के परिचालन को लेकर भड़का जनआक्रोश
कोरबा/ मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत मुड़ापार बायपास रोड के पास तेज रफ्तार कोयले से भरा ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि इस हादसे में ट्रेलर चालक और मौके से गुजर रहे राहगीर बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेलर चालक नशे की हालत में था और अत्यधिक गति के कारण वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। रात का समय होने के कारण सड़क पर आवाजाही कम थी, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। टीपी नगर, बुधवार फाटक से होते हुए मुड़ापार, अमरियापारा, रामनगर, रेलवे कॉलोनी और इमली डुग्गू फाटक के रास्ते भारी ट्रकों का शहर के भीतर से आवागमन हो रहा है। आबादी वाले क्षेत्र से इस तरह भारी वाहनों का गुजरना हमेशा हादसों का कारण बन रहा है।
निवासियों ने बताया कि पूर्व में जनविरोध के बाद इस मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली थी। लेकिन अब फिर से नो-एंट्री खुलने से पहले ही ट्रक रेलवे कॉलोनी फाटक और टीपी नगर के आसपास सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं। इससे आम लोगों, विशेषकर रेलवे स्टेशन की सेकेंड एंट्री से ट्रेन पकड़ने जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी होती है और कई बार ट्रेन भी छूट जाती है।
वार्ड क्रमांक 26 के पार्षद गोपाल कुर्रे ने कहा कि उन्होंने पहले भी जिला प्रशासन से शिकायत कर आबादी वाले क्षेत्रों से भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। उनका कहना है कि जब बायपास मार्ग उपलब्ध है, तो भारी वाहनों को उसी रास्ते से चलाया जाना चाहिए। स्कूल, कॉलेज और रिहायशी इलाकों से भारी वाहनों का गुजरना लोगों की जान के लिए बड़ा खतरा है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही भारी वाहनों का शहर के भीतर से परिचालन बंद नहीं किया गया, तो इस बार बड़ा आंदोलन किया जाएगा। हादसे ने एक बार फिर प्रशासन और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



