24 घंटे में चोरी हुई कार बरामद, आरोपी गिरफ्तार…
रायगढ़ जिले के तमनार पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर चोरी हुई मारुति फ्रॉन्क्स कार को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी की 11 लाख रुपये की कार और उसकी चाबी जब्त की।
घटना 9-10 मार्च की रात की है, जब विनय कुमार सिंह (55 वर्ष), जो टाटा कंसलटेंसी कंपनी में क्वालिटी इंजीनियर हैं, ने अपनी कार (BR 02 BQ 9161) घर के बाहर खड़ी की थी। सुबह जब वे ड्यूटी पर गए, तो अज्ञात चोर ने कार चोरी कर ली। मामले की शिकायत थाना तमनार में दर्ज कराई गई।
सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर पुलिस ने संदीप सिंह को हमीरपुर बॉर्डर के पास चोरी की कार के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह प्रार्थी के साथ एक ही कंपनी में काम करता था और उसे कार की चाबी की जानकारी थी। उसने मौका पाकर बैग से चाबी चुरा ली और कार लेकर फरार हो गया।
आरोपी संदीप कुमार सिंह (21 वर्ष), निवासी दधपा, जिला औरंगाबाद (बिहार) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल, एडिशनल एसपी आकाश मरकाम और साइबर डीएसपी अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, सहायक उपनिरीक्षक सुरति लाल सिदार, आरक्षक पुष्पेंद्र सिदार और भूपेश राठिया की अहम भूमिका रही।



