कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई: 500 बोरी उर्वरक जब्त, 23 दुकानों पर जांच
जांजगीर-चांपा।
जिले में उर्वरकों की जमाखोरी और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में उर्वरक जब्त किया है। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देश तथा उप संचालक कृषि श्री राकेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में विकासखंड स्तर पर गठित निरीक्षण दल द्वारा 7 अप्रैल 2026 को औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान नवागढ़ स्थित मेसर्स राजेश ट्रेडर्स के यहां 500 बोरी सिंगल सुपर फॉस्फेट बिना पीओएस मशीन में दर्ज पाए जाने पर तत्काल जप्ती की कार्रवाई करते हुए उसके विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया गया। इसके अलावा नवागढ़ क्षेत्र के अन्य प्रतिष्ठानों—मेसर्स रेखा ट्रेडर्स, गिरिजा प्रसाद केशरवानी, रूपेश ट्रेडर्स और लाखन केशरवानी—में भी निरीक्षण किया गया, जहां विभिन्न अनियमितताएं मिलने पर संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
अकलतरा विकासखंड में सेवा सहकारी समिति तिलई और तरौद में पीओएस मशीन एवं भौतिक स्टॉक का मिलान सही पाया गया, जबकि कर्ष कृषि केन्द्र नरियरा और साहू ट्रेडर्स तागा में अनियमितता मिलने पर नोटिस जारी किया गया। पामगढ़ के सेवा सहकारी समिति पकरिया में भी स्टॉक मिलान में अंतर पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
बलौदा विकासखंड के मेसर्स माधो प्रसाद गुप्ता जर्वे में स्टॉक सही मिला, लेकिन परमात्मा कृषि केन्द्र और कृष्ण कुमार तंबोली के प्रतिष्ठानों में अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की गई। वहीं बम्हनीडीह के सेवा सहकारी समिति पोडीशंकर में स्टॉक मिलान सही पाया गया।
कृषि विभाग ने बताया कि 6 अप्रैल को 13 और 7 अप्रैल को 10 प्रतिष्ठानों सहित कुल 23 उर्वरक विक्रय केंद्रों पर कार्रवाई की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।



