दुर्ग के अस्पताल में हादसा, निर्माणाधीन भवन का छज्जा गिरा, 9 मजदूर घायल
दुर्ग: स्टील सिटी दुर्ग भिलाई के अभिषेक मिश्रा मेमोरियल मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर में रविवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां असपताल के निर्माणाधीन भवन का छज्जा अचानक गिर गया. इस दुर्घटना में 9 मजदूर घायल हो घए हैं. यह घटना रविवार दोपहर 2 बजे घटी है.
हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई. साथी मजदूरों ने आनन-फानन में सभी घायल मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.
सभी मजदूरों को उपचार के लिए शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि सभी मजदूरों को प्राथमिक उपचार दिया गया है और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
सुपेला थाना प्रभारी विजय कुमार और स्मृति नगर थाना प्रभारी अपने-अपने पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे. उसके बाद शुरुआती राहत और बचाव कार्य किया गया. सभी मजदूरों का इलाज चल रहा है. घायलों की स्थिति अभी खतरे से बाहर बताई जा रही है.



