ऑपरेशन आघात: पुलिस ने पकड़ी 3 करोड़ का यह माल, अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़…..
छत्तीसगढ़ के जशपुर में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन आघात के तहत दो दिनों में तीन करोड़ रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस दौरान पुलिस ने दो ट्रक जब्त किए और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पहली कार्रवाई में जशपुर पुलिस को सूचना मिली कि पंजाब से झारखंड और बिहार के लिए शराब तस्करी की जा रही है। इसके बाद लोरो घाट के पास सरदार ढाबा के पास एक ट्रक (PB 11CP 2003) को रोका गया। तलाशी में 7015 लीटर शराब (790 कार्टून) बरामद हुई, जिसे सीमेंट की बोरियों के पीछे छिपाया गया था। पुलिस ने ट्रक चालक श्रवण सिंह, निवासी चंबा, पंजाब को गिरफ्तार किया।
यह एक संगठित तस्करी रैकेट है, जिसे ऑपरेशन आघात के तहत बेनकाब किया गया है। हमने दो ट्रक जब्त किए हैं और जांच जारी है।
पहली कार्रवाई के बाद पूछताछ और मोबाइल डेटा की जांच में एक और ट्रक की जानकारी मिली। थाना दुलदुला पुलिस की टीम मध्य प्रदेश के अनूपपुर पहुंची, जहां एक ट्रक (UP 14DT 7849) में 7012 लीटर शराब (784 पेटी) जब्त की गई। इसकी बाजार कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये आंकी गई। पुलिस ने ट्रक चालक बलविंदर उर्फ गोलू, निवासी पटियाला, पंजाब को गिरफ्तार किया।
इस गिरोह के सरगना की तलाश जारी है। हम मामले में शामिल अन्य तस्करों की पहचान कर रहे हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि तस्कर पंजाब-हरियाणा बॉर्डर से शराब लोड कर हजारीबाग (झारखंड) भेजते थे, जहां से दूसरी टीम इसे आगे तस्करी के लिए ले जाती थी। तस्करों ने कम टोल प्लाजा और कम चेकिंग वाले ग्रामीण रास्तों का इस्तेमाल कर तस्करी को अंजाम दिया।
जशपुर पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से अवैध शराब तस्करी के एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस अब गिरोह के सरगना तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर रही है।



