Bhatapara House Theft Case बलौदाबाजार-भाटापारा। घर में ताला लगाकर मां को इलाज के लिए रायपुर ले जाना एक महिला को भारी पड़ गया। पीछे से चोर ने ऐसा खेल खेला कि घर लौटने पर महिला के होश उड़ गए। अलमारी का लॉक टूटा हुआ था और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरों के साथ डेढ़ लाख रुपये नगद गायब थे। चोर ने सीधे घर में घुसने के बजाय पड़ोसी के सूने मकान को रास्ता बनाया और दीवार फांदकर वारदात को अंजाम दिया। मामले में भाटापारा शहर पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर 2 लाख 77 हजार रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है।
मामला भाटापारा शहर के बजरंग वार्ड का है। जानकारी के मुताबिक प्रार्थिया मोनिका बतरा 25 नवंबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे अपने घर में ताला लगाकर अपनी मां शांति बतरा को इलाज के लिए रायपुर लेकर गई थीं। रात करीब 9:30 बजे जब वह वापस लौटीं तो घर का ताला बाहर से लगा हुआ था, लेकिन अंदर पहुंचते ही कमरे में रखी अलमारी का लॉक टूटा मिला। अलमारी में रखे भूरे रंग के हैंड बैग से सोने-चांदी के जेवर और 1 लाख 50 हजार रुपये नगद गायब थे।
पड़ोसी के घर को बनाया रास्ता, दीवार फांदकर दिया वारदात को अंजाम
मामले की जांच में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। अज्ञात चोर ने पहले पड़ोसी के सूने मकान का ताला पत्थर से तोड़ा और वहां से प्रार्थिया के घर में प्रवेश किया। इसके बाद दीवार फांदकर घर के अंदर पहुंचा और अलमारी का लॉक तोड़कर जेवरात व नगदी लेकर फरार हो गया।
पुलिस की तस्दीक में खुला राज, घर के गेट के अंदर फेंककर भागा चोरी का सामान
महिला की शिकायत पर थाना भाटापारा शहर में अपराध क्रमांक 366/2026 के तहत धारा 305(ए), 331(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस संदेही विधि से संघर्षरत बालक के घर पहुंची। वहां तस्दीक के दौरान जानकारी मिली कि उसके द्वारा प्लास्टिक की पन्नी में बंधी नगदी और जेवर घर के गेट के अंदर फेंककर भागा था। पुलिस ने उक्त सामान विधिवत जप्त किया।
इसके बाद 27 नवंबर को बालक को पूछताछ में शामिल कर मेमोरेंडम कथन लिया गया। इसमें उसने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर रेलवे कॉलोनी के क्वार्टर के पीछे खाली प्लॉट और घर के कमरे में छिपाकर रखे गए सामान व नगदी की बरामदगी की गई।
77 हजार नगद समेत 2.77 लाख का माल बरामद
पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक से 77 हजार रुपये नगद सहित कुल 2 लाख 77 हजार रुपये कीमत के चोरी के सामान को गवाहों के समक्ष जप्त किया। आवश्यक सामाजिक पृष्ठभूमि तैयार करने के बाद 28 नवंबर 2026 को उसे अभिरक्षा में लेकर माननीय किशोर न्याय बोर्ड, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना भाटापारा शहर पुलिस ने इस चोरी की वारदात का खुलासा किया।



