डोमाडीह तालाब मामले में प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू निलंबित, पुलिस लाइन अटैच
सक्ती। जिले के ग्राम डोमाडीह में जुआ रेड के दौरान युवक के तालाब में कूदने और तीन दिन बाद शव मिलने के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। हसौद थाने में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू को गंभीर लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। उन्हें पुलिस लाइन अटैच किया गया है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 22 नवंबर 2026 की रात प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें ग्राम डोमाडीह में तालाब के पास जुआ खेलने की सूचना मिली। आरोप है कि उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को बिना जानकारी दिए अकेले ही जुआ रेड करने मौके पर पहुंच गए।
पुलिस की गाड़ी और जवानों को आते देखकर जुआ खेलने वाले लोग भागने लगे। इसी दौरान एक व्यक्ति तालाब में कूद गया। बाद में पता चला कि तालाब में कूदने वाला व्यक्ति महेश केंवट (38 वर्ष), पिता बिहारी लाल केंवट, निवासी डोमाडीह है। वह घटना के बाद घर वापस नहीं लौटा।
एसपी ने माना गंभीर लापरवाही
मामले को गंभीरता से लेते हुए सक्ती जिले के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू की कार्रवाई को गंभीर लापरवाही माना। इसके बाद 24 नवंबर 2026 को उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच करने का आदेश जारी किया गया।
विभागीय जांच के आदेश
पुलिस अधीक्षक ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश भी दिए हैं। प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, डभरा/चंद्रपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि डोमाडीह तालाब में तीन दिन बाद महेश केंवट का शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक पर मारपीट कर युवक को तालाब में धकेलने का आरोप लगाया था। ग्रामीणों ने हत्या का मामला दर्ज करने और अन्य मांगों को लेकर बिर्रा-हसौद-डभरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम भी किया था।



