कटघोरा-बांकी मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा,पेड़ से टकराकर 50 मीटर दूर पलटी स्कॉर्पियो,18 वर्षीय युवक की मौत,एक गंभीर
कोरबा। कटघोरा से बांकीमोंगरा जाने वाले मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि स्कॉर्पियो वाहन के परखच्चे उड़ गए और वाहन पेड़ से टकराने के बाद सड़क से करीब 50 मीटर दूर जाकर पलट गया।
मिली जानकारी के अनुसार वाहन क्रमांक CG 12 BV 8131 में दो युवक सवार होकर चाकाबुड़ा से बांकीमोंगरा की ओर आ रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे शुक्लाखार चौक से बांकीमोंगरा की ओर मुख्य मार्ग पर विपरीत दिशा में सड़क किनारे लगे एक पेड़ से स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर जा टकराई। बताया जा रहा है कि वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के दोनों एयरबैग खुल गए,
इसके बावजूद युवकों को गंभीर चोटें आईं। स्कॉर्पियो के पहिए और अन्य हिस्से टूटकर अलग हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी।
हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती किया गया है, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतक की पहचान रूपेश पटेल पिता दिलीप पटेल उम्र 18 वर्ष निवासी ग्राम चाकाबुड़ा
के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक आर्यन गोंड पिता ओमप्रकाश गोंड उम्र 18 वर्ष निवासी ग्राम बुंदेली बताया जा रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज 18 वर्ष की उम्र में युवक की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक का माहौल है।



