बोडसरा में कांग्रेस की जनचौपाल, ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत मतदाताओं से किया संवाद….
SIR, ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर चर्चा; कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची के सत्यापन और पात्र लोगों के नाम जुड़वाने की अपील की….
जांजगीर-चांपा। लोकतंत्र की मजबूती और मताधिकार की रक्षा के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत ग्राम बोडसरा में जनचौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रीराम मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर कथित वोट चोरी, मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जांजगीर के नेतृत्व में किया गया। इसमें जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, विधायक ब्यास कश्यप, कार्यक्रम प्रभारी प्रिंस शर्मा, जिला कांग्रेस महामंत्री विवेक सिंह सिसोदिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय प्रकाश तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
जांजगीर-चांपा SIR और ईवीएम की विश्वसनीयता पर उठाए सवाल….
जनचौपाल के दौरान विधायक ब्यास कश्यप ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के माध्यम से पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने और चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं की आशंकाओं से लोगों की चिंताएं बढ़ी हैं। उन्होंने ईवीएम की विश्वसनीयता, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, चुनावी चंदे और विधायकों-सांसदों की खरीद-फरोख्त जैसे मुद्दे उठाते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों ने 21 महत्वपूर्ण मुद्दों पर ग्रामीणों से चर्चा की। इस दौरान लोगों ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपनी राय रखी। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, उपस्थित लोगों ने बैलेट पेपर के माध्यम से पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग का समर्थन किया।
जांजगीर-चांपा मतदाता सूची के सत्यापन पर दिया जोर…
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बूथ स्तर पर मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की पहचान करने पर जोर दिया। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करने और फॉर्म-6 के माध्यम से पात्र एवं छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए लोगों को जागरूक करने की अपील की।
जनसंवाद के दौरान पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और वर्तमान भाजपा सरकार की योजनाओं की तुलना करते हुए भी लोगों से सुझाव और राय ली गई। कांग्रेस नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और आम जनता की आर्थिक परेशानियों के साथ लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के मुद्दे भी उठाए।
जांजगीर-चांपा कांग्रेस नेताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का लिया संकल्प…..
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मत की स्वतंत्रता, समानता और निष्पक्षता उसकी असली ताकत है। उन्होंने आम नागरिकों से लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम को प्रभारी महामंत्री प्रिंस शर्मा और महामंत्री विवेक सिंह सिसोदिया ने भी संबोधित किया। संचालन मंडल अध्यक्ष रामगोपाल राठौर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्र पांडे ने किया।
इस अवसर पर अनिल साहू, चन्द्रशेखर पाण्डेय, शशि यादव, कलिका प्रसाद, गजपति साहू, सुरजीत साहू, रफीक खान, जीतेन्द्र दिनकर, गणेश राम धीवर, प्रकाश यादव, शत्रुघ्न यादव, शांति कुमार साहू, ओमप्रकाश पटेल, संतुराम मेहर, सखादास, ईश्वर दास, रोशन दास, संतोष राठौर, नरेश साहू, राजकुमार बरेठ, नन्दलाल पटेल, आनंद कुमार मनु, प्रमेन्द्र साहू, महेंद्र साहू, हरिशंकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



