जांजगीर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की पहल, BTI चौक से कलेक्ट्रेट तिराहा तक सड़क का सीमांकन
डिवाइडर के दोनों ओर 12-12 मीटर की चौड़ाई तय, दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की समझाइश; पार्किंग स्थलों का भी होगा विकास
जांजगीर-चांपा। जांजगीर शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस, नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग (PWD) की संयुक्त टीम ने BTI चौक से कलेक्ट्रेट तिराहा तक सर्वे किया। इस दौरान निर्माणाधीन डिवाइडर के दोनों ओर 12-12 मीटर की चौड़ाई का नाप लेकर सीमांकन और मार्किंग की गई।
यह कार्रवाई कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई। इसका उद्देश्य सड़क पर लगने वाले जाम से निजात दिलाना और आम नागरिकों के आवागमन को सुविधाजनक बनाना है।
दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की समझाइश
सर्वे के दौरान सड़क की निर्धारित सीमा के भीतर दुकान संचालित करने वाले व्यापारियों को समझाइश दी गई। दुकानदारों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने और निर्धारित सीमा से बाहर दुकान का सामान नहीं रखने की हिदायत दी गई। साथ ही दुकानों के बोर्ड, फ्लेक्स और बैनर को भी निर्धारित सीमा क्षेत्र से हटाने के लिए कहा गया।
पार्किंग स्थलों का होगा चिन्हांकन
सड़क के दोनों ओर कुछ शासकीय पार्किंग स्थलों को चिन्हांकित किया गया है। इसके अलावा अन्य संभावित स्थानों के शासकीय रिकॉर्ड की जांच कर उन्हें पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है।
विद्युत खंभों की शिफ्टिंग पर विचार
सड़क के दोनों ओर लगे विद्युत खंभों के कारण कुछ स्थानों पर मार्ग संकीर्ण हो गया है। इन स्थानों का उपयोग पार्किंग के लिए भी किया जा रहा है। ऐसे स्थलों को चिन्हांकित कर विद्युत विभाग के साथ समन्वय बनाकर खंभों की शिफ्टिंग सहित आवश्यक कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।
यातायात बाधित करने पर होगी चालानी कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।
इस संयुक्त सर्वे में राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, यातायात विभाग, लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस की नागरिकों और व्यापारियों से अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि निर्धारित सड़क सीमा का पालन करें, सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें तथा दुकान का सामान सड़क पर न फैलाएं। शहर को जाममुक्त, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की गई है।



