जांजगीर के ऐतिहासिक नकटा मंदिर में जगमगाए 7100 दीप, गोवर्धन गिरधारी की छवि से आलोकित हुआ मंदिर परिसर…
जांजगीर। दीपावली एवं गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर जांजगीर के ऐतिहासिक विष्णु मंदिर (नकटा मंदिर) में भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहां मित्र परिवार के सभी भाइयों द्वारा भगवान गोवर्धन गिरधारी की छवि के समक्ष 7100 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। हजारों दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस विशेष आयोजन में मित्र परिवार के सदस्यों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी श्रद्धा और भक्ति प्रकट की। दीपों की आकर्षक रोशनी से भगवान गोवर्धन गिरधारी की छवि दिव्य और मनमोहक दिखाई दे रही थी। इस अद्भुत दृश्य को देखने वाले श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देना रहा। सभी मित्रों ने मिलकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाया और भगवान श्रीकृष्ण से क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की।
ऐतिहासिक विष्णु मंदिर में 7100 दीपों का यह दीपोत्सव श्रद्धा, समर्पण और सामूहिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण बना।



