भारी बारिश से फसल नुकसान का आकलन शुरू, कृषि विभाग की टीमें खेतों में उतरीं
28 और 29 अक्टूबर को हुई वर्षा से प्रभावित गांवों में सर्वे शुरू; किसानों को फसल बीमा और मुआवजे की प्रक्रिया की दी जा रही जानकारी
जांजगीर-चांपा । जिले में 28 एवं 29 अक्टूबर को हुई भारी बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया गया है। कलेक्टर के निर्देशानुसार कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी प्रभावित किसानों के खेतों का दौरा कर सर्वे कार्य का जायजा ले रहे हैं। विभागीय टीमों ने प्रभावित गांवों में फसल नुकसान का सर्वे शुरू कर दिया है।
फसल बीमा की सूचना 72 घंटे में दर्ज कराने की अपील….
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा कराने वाले किसान फसल नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर कृषि रक्षा पोर्टल अथवा हेल्पलाइन नंबर 14447 पर दर्ज कराएं।
जिन किसानों ने फसल बीमा नहीं कराया है, वे अपने क्षेत्र के पटवारी एवं कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर आवेदन दे सकते हैं। किसानों से खेतों में हुए नुकसान के फोटो और वीडियो सुरक्षित रखने की भी अपील की गई है।
किसानों को दी गई कृषि संबंधी सलाह….
कृषि विभाग ने किसानों को खेतों में अतिरिक्त वर्षा जल की निकासी के लिए नालियों की समुचित व्यवस्था करने की सलाह दी है। साथ ही फसलों में कीट एवं रोगों की नियमित निगरानी करने को कहा गया है।
कीट या रोग के लक्षण दिखाई देने पर मौसम साफ होने के बाद ही कृषि विशेषज्ञों की सलाह से उचित कीटनाशक अथवा कवकनाशक का उपयोग करने की अपील की गई है।
पारदर्शिता के साथ सर्वे रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश..
कलेक्टर ने मैदानी अधिकारियों को पूरी पारदर्शिता के साथ सर्वे रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित और पात्र किसानों को शासन के नियमानुसार समय पर राहत राशि अथवा बीमा क्लेम का लाभ मिल सके।
कृषि विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में सर्वे कर रही हैं। किसानों को फसल बीमा योजना और आरबीसी 6-4 के अंतर्गत नुकसान के मुआवजे से संबंधित जानकारी भी दी जा रही है।



