राज्योत्सव के मुख्य अतिथि होंगे विधायक धरम लाल कौशिक
2 नवंबर को जांजगीर के शासकीय हाईस्कूल मैदान में होगा जिला स्तरीय आयोजन; कलेक्टर और एसपी ने स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का लिया जायजा
जांजगीर-चांपा, 31 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय स्थित शासकीय हाईस्कूल मैदान, जांजगीर में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिल्हा विधायक धरम लाल कौशिक होंगे।
राज्योत्सव की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने आयोजन के लिए विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए।
“सशक्त नारी, युवा उड़ान” होगी मुख्य थीम
कलेक्टर ने बताया कि इस वर्ष राज्योत्सव-2026 की मुख्य थीम “सशक्त नारी, युवा उड़ान” रखी गई है। थीम के अनुरूप महिला सशक्तीकरण, युवाओं के कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं एवं उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश द्वार, विभागीय स्टॉल, पेयजल, विद्युत सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी तैयारियां समय-सीमा में सुव्यवस्थित और आकर्षक ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि राज्योत्सव गरिमामय एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
वहीं, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।



