मंगल आरती, पुष्पवर्षा और गुरु पूजन से हुआ अभिनंदन; विधायक शेषराज हरवंश ने भी लिया आशीर्वाद, सत्संग में मानव सेवा और आत्मज्ञान का दिया संदेश
पामगढ़। श्री सिद्धबाबा अद्वैत परमहंस आश्रम, बेलगहना के परम श्रद्धेय श्री श्री 108 स्वामी शिवानंद जी महाराज का पामगढ़ स्थित श्री अद्वैत आश्रम में मंगलमय आगमन हुआ। उनके आगमन पर आश्रम परिसर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से भर उठा। श्रद्धालुओं ने मंगल आरती, पुष्पवर्षा और मंगल कलश के साथ पूज्य महाराज का स्वागत किया। रामकुटी में विधिवत गुरु पूजन कर भक्तों ने अपनी श्रद्धा और समर्पण अर्पित किया।
सत्संग में गुरु महिमा और आत्मज्ञान का संदेश….
अपने आध्यात्मिक उद्बोधन में स्वामी शिवानंद जी महाराज ने कहा कि मनुष्य जीवन का परम उद्देश्य आत्मतत्त्व का बोध प्राप्त करना और परमात्मा से एकात्मता का अनुभव करना है। सद्गुरु मनुष्य को अज्ञान से ज्ञान की ओर ले जाकर जीवन के वास्तविक उद्देश्य का बोध कराते हैं। उनके मार्गदर्शन से व्यक्ति अपने भीतर निहित सत्य को पहचानकर आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ सकता है।
उन्होंने नानक, कबीर, तुलसीदास और स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुषों का उल्लेख करते हुए गुरु महिमा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सद्गुरु का मार्गदर्शन जीवन को सही दिशा देता है और साधना को सार्थक बनाता है।
भूखे को भोजन कराना भी महान यज्ञ…….
मानव सेवा के महत्व को बताते हुए स्वामी शिवानंद जी महाराज ने कहा कि भूखे को भोजन कराना, जरूरतमंद की सहायता करना और पीड़ित जीव के प्रति करुणा रखना ही ईश्वर की सच्ची आराधना है। उन्होंने कहा कि भूखे की क्षुधा शांत करना भी एक महान यज्ञ है, क्योंकि जीव की तृप्ति में भगवान नारायण की तृप्ति निहित है।
उन्होंने सेवा, करुणा, परोपकार और सदाचार को आध्यात्मिक जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताया।
विधायक शेषराज हरवंश ने लिया आशीर्वाद…..
इस पावन अवसर पर पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरवंश भी श्री अद्वैत आश्रम पहुंचीं। उन्होंने स्वामी शिवानंद जी महाराज के दर्शन कर पूजन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
पामगढ़ स्थित श्री अद्वैत आश्रम को स्वामी शिवानंद जी महाराज से जुड़ी 36 आश्रमों की आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र बताया गया। पूज्य महाराज के सान्निध्य में श्रद्धालुओं को गुरु भक्ति, आत्मचिंतन और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ने का अवसर मिला।
कई जिलों से पहुंचे श्रद्धालु….
स्वामी शिवानंद जी महाराज के दर्शन और सत्संग के लिए शिवरीनारायण, जांजगीर, चांपा, बलौदाबाजार, मस्तूरी, अकलतरा, सीपत, बलौदा, जयरामनगर, बिलासपुर, मुंगेली, लोरमी, कवर्धा, कोरबा और कोटा सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचे। भक्तों ने पूज्य महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर आध्यात्मिक प्रेरणा हासिल की।



