17 अक्टूबर को होगी महाआरती, 18 अक्टूबर को दुर्गा अष्टमी पर हवन और 19 अक्टूबर को निकलेगा भव्य ज्वारा विसर्जन….
जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय जांजगीर की पुरानी बस्ती स्थित कुलदेवी शक्तिपीठ मां देवी दाई मंदिर में क्वांर नवरात्र पर्व धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में मनाया जा रहा है। नवरात्र के दौरान मंदिर में दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। प्रथम दिवस अभिजीत मुहूर्त में घट स्थापना के साथ नौ दिवसीय विशेष पूजन शुरू हुआ। इस दौरान मां देवी दाई का भव्य श्रृंगार किया गया।
639 ज्योति कलश किए गए प्रज्वलित…
मंदिर के पुजारी पं. सुदीप उपाध्याय ने बताया कि इस वर्ष मंदिर में अखंड ज्योति प्रज्वलित होने का एक वर्ष पूरा हो गया है। यह ज्योति नगर के सभी भक्तों के नाम से जलाई गई है। इस नवरात्र में मंदिर में 542 तेल ज्योति, 60 घृत ज्योति और 37 सामूहिक मनोकामना दीप ज्योति प्रज्वलित की गई हैं। इनकी कुल संख्या 639 है।
17 अक्टूबर को महाआरती, 18 को हवन….
मंदिर में नवरात्र के शेष दिनों के लिए विशेष धार्मिक कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। 17 अक्टूबर को भव्य महाआरती होगी। वहीं, 18 अक्टूबर को दुर्गा अष्टमी के अवसर पर शाम 6 बजे हवन किया जाएगा।
19 अक्टूबर को निकलेगा ज्वारा विसर्जन…
नवरात्र के अंतिम चरण में 19 अक्टूबर को कुवांरी भोज का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद कहरा पारा से मां देवी दाई मंदिर तक भव्य ज्वारा विसर्जन निकाला जाएगा। ज्वारा का विसर्जन भीम्भा तालाब में किया जाएगा। इसके साथ ही क्वांर नवरात्र पर्व का समापन होगा।
नौ दिनों तक पुरानी बस्ती जांजगीर में मां देवी दाई की आराधना, पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों से भक्तिमय माहौल बना हुआ है।



