आमगांव में विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित
वृद्धजनों के अधिकार, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान की दी गई जानकारी
जैजैपुर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचायत आमगांव में विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों को उनके अधिकारों, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सामाजिक सम्मान के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी जैजैपुर एवं अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति जैजैपुर राजेश खलखो द्वारा वृद्धजनों का सम्मान किया गया। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सम्मान बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वृद्धजनों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर विधिक सहायता लेने की जानकारी दी।
शिविर में नालसा/सालसा एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि पात्र वृद्धजन निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। अधिकारियों ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 सहित वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
इसके साथ ही नालसा वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सेवाएं योजना 2016 के तहत पेंशन, कानूनी सहायता, सरकारी योजनाओं एवं पात्रता संबंधी जानकारी दी गई। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को बताया गया कि जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के माध्यम से भी निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में अधिवक्ता प्रभात अहिरवार, पैरालीगल वॉलंटियर रामायण प्रसाद सहित ग्राम पंचायत आमगांव के नागरिक एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।



