बाराद्वार सिविल डिस्पेंसरी का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश
सक्ती, 24 अगस्त। नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत सोमवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल ने सिविल डिस्पेंसरी बाराद्वार का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई सहित अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कुछ कमियां सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सीएमएचओ ने कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी से निर्वहन करने तथा अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मरीजों के साथ संवेदनशील एवं उचित व्यवहार करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए। जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ आम नागरिकों को सहज और गुणवत्तापूर्ण तरीके से मिले, इसके लिए नियमित निरीक्षण और व्यवस्थाओं की समीक्षा जारी रहेगी।



