जिला मुख्यालय सक्ती में गरिमामय ढंग से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह
सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने किया जिला स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी
सक्ती, 15 अगस्त 2026। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय सक्ती में कलेक्ट्रेट परिसर के निकट स्थित जेठा मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने ध्वजारोहण किया तथा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण कर जवानों की सलामी ली।

समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया गया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रीयता की भावना से ओत-प्रोत वातावरण देखने को मिला। स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा शानदार सामूहिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में जिलेवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पूरे समारोह के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखने को मिला। जिलेवासियों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों और संकल्पों को दोहराते हुए स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों के बलिदान को नमन किया।



