साइबर अपराध के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस का ‘साइबर जागृति अभियान’
सक्ती में पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने जारी किया लिंक और QR कोड, सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर जागरूकता फैलाने की अपील
सक्ती, 14 अगस्त 2026। साइबर अपराध के प्रति आमजनों को जागरूक एवं सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जाएगा। सात सप्ताह तक चलने वाले इस प्रदेशव्यापी अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से साइबर अपराध के विरुद्ध जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाना और छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध मुक्त बनाने की दिशा में लोगों को जागरूक करना है।
अभियान के तहत ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ थीम पर सोशल मीडिया अभियान चलाया जाएगा। छत्तीसगढ़ पुलिस एवं जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल पर जारी लिंक को क्लिक अथवा QR कोड स्कैन कर नागरिक जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी सेल्फी ले सकेंगे और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करेंगे। इससे साइबर अपराध से बचाव का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा।
सक्ती जिले में पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर (भा.पु.से.) ने प्रेस वार्ता के दौरान अभियान का शुभारंभ करते हुए लिंक एवं QR कोड जारी किया। उन्होंने स्वयं QR कोड स्कैन कर सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इस दौरान उन्होंने जिलेवासियों, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, संस्थानों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स एवं कलाकारों से अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।
पुलिस अधीक्षक श्री ठाकुर ने कहा कि जिस तरह देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट हुए थे, उसी तरह साइबर अपराध के खिलाफ भी सभी को एकजुट होकर जागरूकता फैलानी होगी। उन्होंने नागरिकों से ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ लेकर सोशल मीडिया पर शेयर करने तथा साइबर अपराध रोकने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
सात सप्ताह में होंगे अलग-अलग जागरूकता कार्यक्रम
पहला सप्ताह: स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता और बुनियादी साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान।
दूसरा सप्ताह: बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों में वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा पर जागरूकता।
तीसरा सप्ताह: वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल अरेस्ट एवं फर्जी कॉल के विषय पर टाउन हॉल कार्यक्रम।
चौथा सप्ताह: महिला कॉलेजों एवं सामुदायिक समूहों में स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउजिंग को लेकर अभियान।
पांचवां सप्ताह: युवाओं को जॉब फ्रॉड एवं फिशिंग से बचाव के लिए रोजगार कार्यालय, ITI और कौशल विकास केंद्रों में कार्यक्रम।
छठवां सप्ताह: डेटा प्राइवेसी एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर जागरूकता अभियान।
सातवां सप्ताह: गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प अभियान।
सोशल मीडिया और सार्वजनिक स्थानों पर होगा प्रचार
सक्ती जिला पुलिस एवं स्थानीय थानों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, पार्कों और बाजारों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से QR कोड का प्रचार किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लिंक साझा कर अधिक से अधिक लोगों को सेल्फी लेने और सोशल मीडिया पर शेयर करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
‘साइबर जागृति अभियान’ का समापन 2 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के दिन किया जाएगा।



