हाई वोल्टेज लाइन बनी काल:- मोबाइल पर बात करते समय 11 केवी लाइन की चपेट में आया युवक, मौके पर मौत
जांजगीर-चांपा। पामगढ़ थाना क्षेत्र के खैराडीह गांव में एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय युवक की 11 केवी हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं स्थानीय लोगों ने घरों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार, अनित दिवाकर (23) अपने दोस्त की बहन के घर आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने खैराडीह गांव आया था। बुधवार दोपहर वह छत पर मोबाइल से बात कर रहा था। इसी दौरान वह छत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई घरों के ऊपर से 11 केवी की हाई वोल्टेज लाइन गुजर रही है, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



