भाटापारा मुख्य शाखा नहर में बड़ा हादसा : नहाने गए गए 3 बच्चे तेज बहाव में बहे, एक की मौत दूसरा गंभीर
भाटापारा। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के भाटापारा शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुख्य शाखा नहर में नहाने गए बच्चों के साथ बड़ा हादसा हो गया। नहर की तेज धार में तीन बच्चे बह गए, जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई और एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
गर्मी की छुट्टियां बिताने आए थे फूफा के घर
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान ब्लेशन डिंगल पिता संतोष डिंगल, उम्र 13 वर्ष के रूप में हुई है। ब्लेशन कंधमाल, उड़ीसा का निवासी था और गर्मी की छुट्टियां बिताने भाटापारा के शांति नगर निवासी अपने फूफा दीनबंधु बाघ के घर आया हुआ था।
एक बच्चे को सुरक्षित निकाला गया
बताया जा रहा है कि, बच्चे नहर में नहाने उतरे थे, तभी पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया, जिसमें एक बच्चे को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में उपचार के लिए भेजा गया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा शहर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



