लग्जरी कार से हो रही थी गांजा तस्करी, ओडिशा से महाराष्ट्र में थी बेचने की तैयारी, पुलिस के हत्थे चढ़े तीन तस्कर
धमतरी: छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस की ओर से मादक पदार्थ और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। सोमवार को चेकिंग के दौरान एक कार की डिक्की से साढ़े 27 लाख रुपए का गांजा बरामद किया गया। साथ ही तीन तस्करों को भी पकड़ा गया। यह पूरा मामला सिहावा थाना क्षेत्र का है।
चेकिंग अभियान में पकड़ाया गांजा
दरअसल, सोमवार को सांकरा नाका के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मैनपुर की ओर से आ रही रेनॉल्ट डस्टर कार क्रमांक MH 45 AD 9001 को रोका गया। पुलिस ने जब उस कार की डिक्की की तलाशी ली, तो 38 पैकेटों में भरा 54.970 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत 27 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
तीन तस्कर चढ़े पुलिस के हत्थे
इसी के साथ ही पुलिस ने महाराष्ट्र में रहने वाले अमोल अरुण ओढ़ेकर (33), तनिष गायकवाड (19) और ऋषिकेश (23) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रेनॉल्ट डस्टर कार और चार मोबाइल जब्त किया है। वहीं आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि गांजा को ओडिशा के बलांगीर से खरीदकर महाराष्ट्र के नासिक ले जा रहे थे। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को धारा 20(बी) NDPS के तहत गिरफ्तार कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
15 दिन पहले पकड़ाया था लाखों का गांजा
बता दें कि 15 दिन पहले ही सांकरा चेक पोस्ट/नाके पर सिहावा पुलिस और वन विभाग की टीम ने गांजा तस्करों पर कार्रवाई की थी। इस दौरान टीम ने 63 लाख 54 हजार 500 रुपए का 127.09 किलोग्राम गांजा, एक कार, दो मोबाइल और 1500 रुपए नगद बरामद किया था। तस्कर गांजा को ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे।



