शादी सीजन में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 240 लीटर महुआ शराब जब्त, कई आरोपी गिरफ्तार
जिला सक्ती में शादी के सीजन के बीच अवैध शराब कारोबारियों पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जैजैपुर के मल्दा गांव में तड़के सुबह छापेमारी कर 240 लीटर महुआ शराब बरामद की गई है। इस कार्रवाई में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
सक्ती कलेक्टर के निर्देश और प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में 26 अप्रैल 2026 को आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी छापेमारी कार्रवाई को अंजाम दिया।
रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना हसौद अंतर्गत वार्ड नंबर 5 मल्दा, जैजैपुर में भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब बनाई जा रही है।सूचना के आधार पर सुबह करीब 4 बजे टीम ने दबिश दी, जहां मौके पर अवैध शराब निर्माण करते हुए आरोपियों को पकड़ा गया।
दिलचंद खूंटे से 65 लीटर महुआ शराब जब्त
गोविंद खूंटे से 55 लीटर महुआ शराब बरामद
परदेसी भारद्वाज से 70 लीटर महुआ शराब जब्त
धर्मराज से 50 लीटर महुआ शराब बरामद
कुल 240 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।
इसके साथ ही करीब 600 किलो महुआ लाहन भी बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही सैंपल लेकर नष्ट कर दिया गया।
सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की प्रक्रिया जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल, आबकारी उपनिरीक्षक घनश्याम प्रधान, मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा, नगर सैनिक भीम साहू, परसराम कहरा, कमलेश और बसंती चौधरी की अहम भूमिका रही।



