🔥 डभरा में दशहरा मैदान बना जुए का अड्डा, पुलिस ने 10 जुआरियों को दबोचा
सक्ती/डभरा, 08 अप्रैल।
डभरा थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए खुलेआम जुआ खेला जा रहा था। दशहरा मैदान और आसपास का इलाका जुआरियों का अड्डा बन चुका था, जहां लंबे समय से गतिविधियां संचालित होने की चर्चा थी। आखिरकार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया।

पुलिस की रेड में आरोपियों के कब्जे से ₹25,700 नगद, 5 मोबाइल फोन और जुआ खेलने की सामग्री बरामद की गई। इस दौरान मौके से 52 पत्ती (ताश) भी जब्त की गई।
⚠️ सवालों के घेरे में व्यवस्था
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जुआ-सट्टा कोई नई बात नहीं है। लंबे समय से दशहरा मैदान के आसपास इस तरह की गतिविधियां चल रही थीं, लेकिन कार्रवाई अब जाकर हुई। ऐसे में पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
👮♂️ ऐसे हुई कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दशहरा मैदान में जुआ खेला जा रहा है। इसके बाद थाना डभरा पुलिस ने दबिश देकर 10 लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
📋 कौन-कौन आए पकड़ में
कार्रवाई में धनेश्वर माली, चतुर्भुज निषाद, रामकुमार सिदार, उसतराम माली, कलाकार साहू, तेजलाल श्रीवास, गौतम निषाद, विकास सोनी, सौगंध निषाद और सतीश चंद्र को गिरफ्तार किया गया।
🚨 लगातार अभियान का दावा, लेकिन जमीनी हकीकत?
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि इस तरह के मामलों के सामने आने से यह सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसे अड्डे पनप कैसे रहे हैं।



