झरप मोड़ बना ‘मौत का मोड़’: अनियंत्रित बाइक से गिरकर युवक की मौके पर मौत


हसौद | सक्ती
जिले के हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत झरप मोड़ एक बार फिर हादसे का गवाह बना। शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान धनंजय गोंड (35) पिता खोलबहरा, निवासी छपोरा के रूप में हुई है। वह एक ढाबे में काम करता था और घटना के समय अपनी पत्नी के पास ससुराल जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, झरप मोड़ के पास रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच उसकी मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क से कुछ दूर जाकर गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने युवक को खेत के पास गंभीर हालत में पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, झरप मोड़ क्षेत्र काफी घुमावदार है और यहां तेज रफ्तार में वाहन चलाने पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। बावजूद इसके सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।
वर्जन – एएसआई अन्थोनी एक्का
मृतक धनंजय गोंड अपनी पत्नी के पास ससुराल जा रहा था। घटना देर रात करीब 1 बजे के आसपास की है। वह ढाबे में काम करता था और छपोरा का निवासी था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



