जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 का भव्य समापन…
मंत्री गुरू खुशवंत साहेब बोले – एग्रीटेक मेला आत्मनिर्भरता और तकनीकी समृद्धि की नई राह खोलेगा
जांजगीर- चांपा में तीन दिवसीय जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 का समापन शुक्रवार को शासकीय हाईस्कूल मैदान जांजगीर में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरू खुशवंत सिंह साहेब के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
समारोह में अतिथियों द्वारा ‘जाज्वल्या 2026’ स्मारिका का विमोचन किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय कलाकारों को सम्मानित किया गया। मंच पर पंथी नृत्य एवं मल्लखंभ की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।
आत्मनिर्भरता और तकनीकी समृद्धि का संकल्प…
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री गुरू खुशवंत सिंह साहेब ने कहा कि एग्रीटेक कृषि मेला 2026 कृषि और आधुनिक तकनीक के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जांजगीर-चांपा कृषि की समृद्ध धरती है और यहां संस्कृति व परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।
उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक, आधुनिक कृषि उपकरण और नवाचार किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। युवा वर्ग को एग्री-उद्यमी बनने की प्रेरणा इस मेले से मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि कौशल विकास और तकनीकी प्रशिक्षण के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक अवसर पहुंचाना सरकार का संकल्प है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों की समृद्धि और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर हुनरमंद बनने का आह्वान किया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति
समारोह में जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे सहित अधिकारी, किसान एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।



