Cg News प्रेमिका की प्रेमी ने की हत्या..पत्थर से सिर कुचलकर युवती की जान ली, शव को पत्थर से बांधकर जलाशय में फेंका….
खैरागढ़ जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत हरडुवा जलाशय में 26 जनवरी की दोपहर एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जलाशय के निकासी गेट के पास पानी में तैरती लाश देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
कैरी बैग से हुई पहचान…
मौके पर पहुंची पुलिस को जलाशय में कुछ दूरी पर एक कैरी बैग तैरता मिला, जिसमें आधार कार्ड, चप्पल और अस्पताल से जुड़े दस्तावेज थे। इन्हीं के आधार पर मृतिका की पहचान रूपा साहू (21 वर्ष), निवासी रामनगर मुक्तिधाम, सुपेला, भिलाई, जिला दुर्ग के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि…
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि युवती के सिर पर कठोर व भारी वस्तु से कई बार वार किए गए थे, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उसकी मौत हो गई।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह…
जांच में खुलासा हुआ कि मृतिका रूपा साहू का प्रेम संबंध हरडुवा निवासी आनंद वर्मा से था। रूपा आरोपी से शादी करना चाहती थी, जबकि आरोपी इससे इंकार कर रहा था। पुलिस के अनुसार, तीन-चार महीने पहले भी युवती शादी की बात करने आरोपी के घर गई थी, जहां उसके साथ मारपीट कर उसे भगा दिया गया था।
25 जनवरी को रूपा एक बार फिर शादी की बात करने आरोपी के पास पहुंची। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह युवती से पीछा छुड़ाना चाहता था। इसी इरादे से वह उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर हरडुवा जलाशय ले गया।
हत्या के बाद शव छिपाने की कोशिश…
आरोपी ने जलाशय के पास पत्थर से युवती के सिर पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को छिपाने के लिए दो गमछों से कमर बांधकर बड़े पत्थर के साथ जलाशय में फेंक दिया, ताकि शव कभी सामने न आ सके।
6 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार…
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, खून से सने कपड़े और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 27 जनवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा महज 6 घंटे में किया गया। त्वरित और प्रभावी जांच में एसडीओपी खैरागढ़, साइबर सेल और ठेलकाडीह थाना पुलिस की अहम भूमिका रही।



