मोपका में बिल्डरों ने दीवार खड़ी कर आम रास्ते को ही रोक दिया, कलेक्टर जनदर्शन में प्रभावितों ने की कार्रवाई की मांग
बिलासपुर। जनदर्शन में आज बेजा कब्जा की कई शिकायतों को लेकर नागरिकों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की। प्रमुख रूप से दर्राभाठा में सरकारी जमीन पर कब्जा कर मकान बनाने और खेती करने तथा मोपका में आम रास्ते पर अतिक्रमण करने से आवागमन की समस्या को लेकर नागरिकों ने नाराजगी जताई। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस मामले में कार्रवाई के निर्देश तहसीलदार को दिए।
जनदर्शन में आज दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों की फरियाद सुनी गई। एडीएम शिवकुमार बनर्जी और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की समस्याओं को सुना।
मस्तुरी ब्लॉक के ग्राम गुड़ी निवासी कोशम बाई सूर्यवंशी ने शौचालय एवं पशुशेड निर्माण कराने की मांग की । उन्होंने कहा कि उनका परिवार मजदूरी करके जीवन यापन कर रहा है। शौचालय नहीं होने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला पंचायत सीईओ को इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बिल्डरों ने दीवार खड़ी कर आम रास्ता बंद किया
इसी प्रकार शहर के मोपका वार्ड क्र 48 के निवासियों ने सामूहिक ज्ञापन सौंपते हुए कलेक्टर से जोगनीन-जोगिया तालाब जाने वाले आम रास्ता को कब्जा मुक्त कराने की मांग की । उन्होंने बताया कि बिल्डरों द्वारा तालाब आने जाने वाले रास्ते में बाउंड्रीवाल का निर्माण कर रास्ते को बंद कर दिया गया है जिसके कारण उनके समक्ष निस्तारी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
कलेक्टर ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने कहा है। जरहाभाठा निवासी संतोषी बाई ने कलेक्टर से मुलाकात कर स्वयं का रोजगार स्थापित करने आर्थिक सहायता राशि की मांग की। कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
सरकारी जमीन पर जबरिया कब्जा
सीपत तहसील के ग्राम दर्राभांठा के ग्रामीणों ने निर्दोष चन्द्राकर के द्वारा शासकीय भूमि पर पर जबरिया कब्जा कर खेती करने की शिकायत की। उन्होंने यह भी बताया कि चंद्राकर ने सरकारी जमीन पर मकान भी बना लिया है। कलेक्टर ने तहसीलदार को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने कहा है।*



