गणतंत्र दिवस पर पीएम श्री स्कूल लखुर्री में ‘उल्लास मेला’ और वार्षिक उत्सव की धूम, बच्चों ने दी रंगारंग प्रस्तुति
जांजगीर चाम्पा – लखुर्री मे गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पीएम श्री शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला लखुर्री में हर्षोल्लास के साथ वार्षिक उत्सव सह ‘उल्लास मेला’ का आयोजन किया गया। देशभक्ति के जज्बे और बच्चों की प्रतिभा से सराबोर इस कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। बच्चों ने छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य, देशभक्ति गीत और विभिन्न सामाजिक संदेशों पर आधारित नाटकों का शानदार मंचन किया। उल्लास मेले के तहत आयोजित इस वार्षिक उत्सव में बच्चों की रचनात्मकता और अनुशासन की स्पष्ट झलक देखने को मिली।
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में पीएम श्री स्कूल के प्राचार्य महेंद्र डडसेना एवं शासकीय माध्यमिक शाला के प्राचार्य श्री साहू की मुख्य भूमिका रही। उनके कुशल मार्गदर्शन और नेतृत्व में शिक्षकों व विद्यार्थियों ने मिलकर कार्यक्रम को भव्य रूप दिया।
इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे, जिन्होंने बच्चों के हुनर की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। अतिथियों ने अपने संबोधन में शिक्षा के साथ-साथ सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे आयोजनों को आवश्यक बताया।



